कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर होने वाली गीता रन 16 नवंबर को सुबह छह बजे आयोजित की जाएगी। इसमें कुरुक्षेत्र व आसपास के जिलों से हजारों युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स शामिल होंगे। गीता रन का आयोजन ब्रह्मसरोवर के पुरुतोषमपुरा बाग से किया जाएगा।
इसका आयोजन 4 ग्रुपों में करवाया जाएगा। इनमें पुरुष वर्ग के लिए 10 किलोमीटर, महिला वर्ग, सीनियर सिटीजन महिला व पुरुष वर्ग के लिए 5-5 किलोमीटर की दौड़ होगी। प्रत्येक ग्रुप में टॉप आने वालों के लिए इनाम भी तय किए गए हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि प्रतिभागियों का पंजीकरण 11 नवंबर से आरंभ किया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी द्रोणाचार्य खेल स्टेडियम में अपना पंजीकरण करवा सकते है। पंजीकरण कराने वाले को मौके पर ही चेस्ट नंबर वितरित किए जाएंगे। मौके पर प्रतिभागी मूल आधार कार्ड को साथ लेकर आए।
10 किलोमीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में प्रथम आने वाले को 31 हजार रुपए, दूसरे नंबर पर आने वाले को 21 हजार रुपए, तीसरे नंबर को 11 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही चौथे नंबर से 10वें स्थान को हासिल करने वाले प्रत्येक को 2100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच किलोमीटर महिला वर्ग की दौड़ में पहले नंबर पर आने वाले को 31 हजार, दूसरे नंबर को 21 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले को 11 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही चौथे नंबर से 10वें नंबर पर आने वाले प्रत्येक को 2100 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन पुरुष वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में प्रथम आने वाले को 5100 रुपए, दूसरे नंबर वाले को 4100 रुपए, तीसरे नंबर वाले को 3100 रुपए, चौथे नंबर वाले को 2100 रुपए और पांचवें नंबर पर आने वाले को 1100 रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसी तरह सीनियर सिटीजन महिला वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में प्रथम आने वाले को 5100 रुपए, दूसरे नंबर वाले को 4100 रुपए, तीसरे नंबर वाले को 3100 रुपए, चौथे नंबर वाले को 2100 रुपए और पांचवें नंबर पर आने वाले को 1100 रुपए का इनाम दिया जाएगा।