कुरुक्षेत्र। वर्ष 2022 में धर्मनगरी का लिंगानुपात 893 रहा, जो इस वर्ष अप्रैल माह में बढ़ कर 931 तक पहुंच गया है। इसके पीछे स्वास्थ्य विभाग की सर्तकता व लोगों की जागरूकता मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के पीएनडीटी विभाग द्वारा पिछले वर्षों में की गई 30 छापेमारी के एवज में दर्ज एफआईआर के द्वारा पुलिस द्वारा 92 गिरफ्तारियां भी की गई।
उधर बुधवार को पीएनडीटी एक्ट के तहत अधिकारियों की एक बैठक को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बैठक में कहा कि जिले में लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच करने और करवाने वाले दलालों पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने पीएनडीटी एक्ट के तहत नियमित रूप से छापेमारी करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने जिला सिविल सर्जन डाॅ. सुखबीर सिंह व अन्य सदस्यों से पीएनडीटी एक्ट के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अभी तक की गई कार्रवाई और कमेटी की प्रगति रिपोर्ट पर फीडबैक लिया। उपायुक्त ने फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के लिंगानुपात में और सुधार करने, पीएनडीटी के अंतर्गत अधिक से अधिक छापामारी करने, जिले में अवैध भ्रूण लिंग जांच करने व करवाने वाले दलालों पर शिकंजा कसने बारे ठोस कदम उठाए जाएं।
झांसा ब्लॉक में लिंगानुपात महज 821
झांसा ब्लॉक के काफी कम लिंगानुपात (821) रहा, जिस पर इंगित करते हुए झांसा ब्लॉक के साथ-साथ अन्य ब्लॉकों में जन-साधारण को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अन्तर्गत स्कूलों में, चौपालों के द्वारा, सामाजिक संस्थाओं के सहयोग द्वारा, धार्मिक संस्थाओं में बैनरों, पोस्टरों, आडियो व विडियो की क्लिपिंग आदि गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किए जाने के निर्देश दिए गए।