संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के चारों ओर बनी पांच किलोमीटर लंबी सड़क दो माह भी नहीं टिक पाई। सड़क जगह-जगह से टूट गई है। रोड़ियां निकलने से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। सड़क के किनारों की हालत तो सबसे ज्यादा खराब हो रही है। किनारों से रोड़ियां निकल रहीं है। रोड़ियों के कारण दुपहिया वाहन सवार राहगीर जख्मी हो सकते हैं। अब इस सड़क पर पैचवर्क किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2021 (दो दिसंबर) की शुरुआत पर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। उससे तीन दिन पहले इस सड़क की मरम्मत का कार्य किया गया था। अब निर्माण के दो महीने बाद पैचवर्क होने से दुकानदारों में रोष फैल रहा है। उनका आरोप है कि सड़क बनाने में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इस कारण निर्माण के दो महीने बाद ही सड़क टूट गई। अब उसे छिपाने के लिए अधिकारी पैचवर्क करा रहे हैं। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
दुकानदार काशीराम ने बताया कि यह सड़क बेहद महत्वपूर्ण है। ब्रह्मसरोवर पर देश-विदेश से पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते हैं। निर्माण के कुछ दिन बाद ही सड़क कई जगह टूट गई। आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंडों पर नहीं हुआ है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
हेमंत यादव का कहना है कि गीता महोत्सव के दौरान आनन-फानन में सड़क का निर्माण कराया गया, क्योंकि महोत्सव में मंत्रियों और अन्य वीआईपी को आना था। उसे देखते हुए सड़क का निर्माण करा दिया गया। उससे पहले सड़क पर पैचवर्क किया गया था। अब नई सड़क पर पैचवर्क संदेह पैदा करता है।
दुकानदार संजीव शर्मा ने बताया कि दो महीने पहले बनी सड़क पर पैचवर्क का कार्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवालिया निशान है। इस सड़क में इस्तेेमाल निर्माण सामग्री की जांच होनी चाहिए। जांच से सब कुछ साफ हो जाएगा। उसके बाद संबंधित सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
दुकानदार सोनू मिलन ने बताया कि इसे विकास नहीं विनाश ही कहा जाएगा। आरोप लगाया कि यह सिर्फ जनता के पैसे का दुरुपयोग है। सड़क निर्माण में अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल नहीं हुआ है। अधिकारियों के पास महोत्सव से पहले समय था। तब निर्माण क्यों नहीं कराया गया।
-
पीडब्ल्यू के एक्सईएन अरुण भाटिया ने बताया कि अभी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। काफी कार्य बकाया है। सड़क पर पैचवर्क किया जा रहा है। चार साल इस सड़क की डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड है। अमूमन सर्दियों में सड़क निर्माणनहीं होता। महोत्सव को देखते हुए सड़क का निर्माण किया गया था।
पैचवर्क में खामी मिली तो नहीं होगा भुगतान : सुधा
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष का कहना है कि सड़कों के पैचवर्क में खामी पाई गई तो ठेकेदार को भुगतान नहीं होगा। भुगतान से पहले अधिकारी पैचवर्क की जांच भी करेंगे। वहीं, 10 फीसदी से कम में टेंडर छुड़वाने वाले ठेकेदारों पर भी नजर रखी जाएगी। गुणवत्ता में कमी पाई गई तो जमानत राशि जब्त होगी। गुणवत्ता की जांच के लिए टीम का गठन होगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों का अभी हाल में ही पैच वर्क किया गया था। यह पैचवर्क कई जगहों पर सही मापदंडों के अनुसार नहीं किया गया। इसके कारण सड़कों फिर से गड्ढे हो गए हैं। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद के अधिकारियों को पैच वर्क की जांच के आदेश दिए हैं।
बौद्ध स्तूप के सामने सड़क पर पैच वर्क करते कर्मचारी। संवाद- फोटो : Kurukshetra