संवाद न्यूज एजेंसी
इस्माईलाबाद। शहर में बस स्टैंड पर सुबह-शाम लगने वाले जाम से जहां राहगीरों व शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुकानदारों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है।
संजीव कुमार, मनदीप, बूटा सिंह, सुभाष, तरसेम, मयंक, पंकज ने बताया कि शहर के बस स्टैंड पर बढ़ रहे अतिक्रमण से दुकानदार व रेहड़ी वाले हाईवे तक पहुंच चुके हैं। इसके चलते बसों को साइड में रुकने के लिए जगह नहीं मिलती और उन्हें बसे हाईवे के बीचो-बीच रोकनी पड़ती है। ऐसी स्थिति में वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। ठसका रोड की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के मनचाहे तरीके से लिए गए टर्न के चलते भी बस स्टैंड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे राहगीरों के साथ की दुकानदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शहरवासियों ने कहा कि पुलिस विभाग ने यहां पर यातायात को कंट्रोल करने लिए एक पुलिसकर्मी काफी साल पहले तैनात किया था, जिससे यातायात काफी सही रहा था लेकिन कुछ समय पश्चात ही उसे हटा दिया गया। इससे शहर में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस की तैनाती की जाए और अतिक्रमण हटाया जाए।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह ने कहा कि बस स्टैंड पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए जल्द ही एक ट्रैफिक कर्मचारी को यहां तैनात किया जाएगा। जल्द ही नगरपालिका के साथ मिलकर एक अभियान के तहत बस स्टैंड से अतिक्रमण को हटाया जाएगा।