कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला के स्थापना दिवस पर दो दिवसीय ऑल ओपन नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग की कुल 77 टीमों ने हिस्सा लिया। हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने इसमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पहले दिन 10 अक्तूबर को महिला वर्ग के मुकाबले हुए, जिनमें 32 टीमों ने भाग लिया। गुरुकुल मोर माजरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आईटीबीपी की टीम द्वितीय, हिमाचल प्रदेश की टीम तृतीय और गांव पाई की टीम चतुर्थ रही। महिला वर्ग में रुचि यादव को सर्वश्रेष्ठ रेडर और कोमल को सर्वश्रेष्ठ कैचर का पुरस्कार मिला। मंगलवार को पुरुष वर्ग के 45 टीमों के मुकाबले हुए। बारिश के कारण कुछ मुकाबले 12 अक्तूबर को कराए गए।
पुरुष वर्ग के परिणाम और पुरस्कार पुरुष वर्ग के फाइनल में रेलवे की टीम ने खिताब जीता। करसिंधु खेड़ा की टीम द्वितीय स्थान पर रही। इंडियन नेवी ने तृतीय और लाखन माजरा की टीम ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल ने महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि खेलों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। जाट धर्मशाला प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद ने बताया कि दोनों वर्गों के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई थी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये मिले। द्वितीय स्थान वाली टीम को 71 हजार रुपये दिए गए। तृतीय और चतुर्थ स्थान वाली टीमों को 21-21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पांचवें से आठवें स्थान तक की टीमों को 5100-5100 रुपये मिले। सर्वश्रेष्ठ रेडर और सर्वश्रेष्ठ कैचर को भी 5100-5100 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।