संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। रजिस्ट्री की गड़बड़ियों के आरोप में पटवारियों पर सरकार की ओर से की गई सख्ती के विरोध में पटवारियों और कानूनगो ने मोर्चा खोल दिया है। पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर पटवारियों एवं कानूनगो ने शुक्रवार को भी दूसरे दिन दी कामकाज बंद कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पटवारी और कानूनगो सुबह ही लघु सचिवालय के समक्ष धरना स्थल पर पहुंच गए। उधर, तहसील में रजिस्ट्री, फर्द, इंतकाल और गिरदावरी सहित अन्य जरूरी काम काज कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। काफी देर इंतजार के बाद लोगों को बिना काम कराए वापस अपने घर की ओर लौटना पड़ा। वहीं, आंदोलनरत पटवारियों और कानूनगो ने 15 दिन तक उनकी मांगें न मानने की स्थिति में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
पटवारियों एवं कानूनगो ने एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. साहब सैनी की अध्यक्षता में अपनी मांगों को लेकर आपदा एवं प्रबंधन विभाग के वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव को मांगपत्र भेजा। जिला प्रधान डॉ. सैनी ने कहा कि धारा 7-ए के तहत हुई वसिकाओं में जिन पटवारियों को जमीन की किस्म बदलने का दोषी ठहराया गया है उन आदेशों को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए, ताकि वर्तमान में चल रही गिरदावरी के कार्य में व्यवधान न पड़े। अगर पटवारियों के खिलाफ दिए गए आदेशों को सरकार निरस्त नहीं करती है तो मजबूरन बड़ा आंदोलन शुरू करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जिले में करीब तीन साल से एसके, एनएसके, ओके फील्ड कानूनगो के आठ पद रिक्त है, जिसके कारण कानूनगो से संबंधित निशानदेही दखल आदि कार्य लंबित पड़े है। सरकार रिक्त पदों की पदोन्नति द्वारा भरे तथा 2019 बैच के सभी पटवारियों को नियमित किया जाए। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार, सुभाष चंद, जियालाल, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, वेद प्रकाश व भगवानदास सहित अन्य मौजूद रहे।