कुरुक्षेत्र। नगर परिषद सीमा में अब चाहे रिहायशी हो या कॉमर्शियल क्षेत्र में जहां भी खाली प्लाॅट हैं उनके मालिकों को सचेत होना होगा। खाली प्लाॅटों की साफ-सफाई और पानी निकासी करवाने की जिम्मेदारी संबंधित प्लाॅट मालिक की होती है। यदि प्लाॅट मालिक अपने प्लाॅट को साफ नहीं रखते और बरसाती या अन्य गंदे पानी की निकासी करवाना सुनिश्चित नहीं करते तो नगर परिषद ऐसे प्लाॅट मालिकों को चिन्हित करके उनके खिलाफ करवाई करेगी।
डीएमसी अमन कुमार ने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई लोगों ने प्लाॅट लेकर वहां निर्माण नहीं करवाया है। बरसात के सीजन में कई जहरीले जीव सांप कीड़े वहां से निकलकर अन्य लोगों के घरों में पहुंच जाते हैं।
डीएमसी ने कहा कि जिस व्यक्ति का वह प्लाॅट या खाली जगह होगी, पहले उसे सात दिन का समय दिया जाएगा कि वह अपने प्लॉट को साफ करवाए और पानी निकासी करवाना सुनिश्चित करेगा। इसकी चारदीवारी बनाकर वहां सफाई रखेगा। यदि प्लाॅट मालिक ऐसा नहीं करता तो नगर परिषद की ओर से उसकी साफ-सफाई करवाने व कूड़ा कर्कट उठाने व जेसीबी ट्रैक्टर ट्राॅली का उपयोग करने पर जो भी खर्च आएगा, उसके लिए प्लाॅट मालिक जिम्मेदार होगा। उस पर गंदगी फैलाने व सफाई न रखने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।