इस्माईलाबाद। खेड़ी चौक पर हाईवे की हालत को दिखाते राहगिर। संवाद
इस्माईलाबाद। शहर से गुजर रहे नेशनल हाईवे खेड़ी चौक पर खस्ता हालत होने से राहगीरों व शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर बने गड्ढों में आए दिन वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते शहरवासियों में खासा रोष व्याप्त है।
करीब एक महीने पहले संबंधित विभाग ने गड्ढों में मिट्टी व रोड़े डाल कर गड्ढों को बंद किया था लेकिन बरसात के दिनों में गड्ढे फिर से ज्यों के त्यों बन गए हैं और आने-जाने वाले लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।
राहगीर रामरत्न शर्मा, नरेश, गगन, दीपचंद, पुरुषोत्तम आदि ने बताया कि नेशनल हाईवे 152 से शहर में प्रवेश करते ही खेड़ी चौक पर हाईवे की हालत एकदम से खस्ता हो चुकी है। इससे वाहन लेकर गुजरना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।
दोपहिया वाहन चालक आए दिन गड्ढों में गिर कर चोटिल भी हो रहे हैं। इसके अलावा चौक से आगे सरकारी कॉलेज भी है। ऐसे में बरसात के समय में हाईवे पर बने गड्ढों में पानी जमा हो जाता है जिससे छात्राओं को कॉलेज में जाने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शहरवासियों और राहगीरों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द हाईवे के इस हिस्से को नया बनाया जाए।