पानीपत। पानीपत से दिल्ली के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए रोडवेज प्रशासन ने एक और बड़ी राहत दी है। पानीपत डिपो के बेड़े में शामिल इलेक्ट्रिक (ई-बसों) का काफिला लगातार बढ़ता जा रहा है। शुरुआत में जहां इस रूट पर केवल पांच ई-बसों का संचालन किया जा रहा था, वहीं यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब 11 ई-बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं।
डिपो प्रशासन की तैयारी के अनुसार, आगामी दो दिनों के भीतर इस संख्या को बढ़ाकर 13 कर दिया जाएगा और ये सभी बसें सीधे दिल्ली आईएसबीटी तक यात्रियों को सेवा देंगी। पानीपत और दिल्ली के बीच रोजाना हजारों की संख्या में नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और छात्र आवागमन करते हैं। कुछ समय पहले जब डिपो से ई-बस सेवा की शुरुआत हुई थी, तब ट्रायल और शुरुआती यात्री भार के आधार पर केवल पांच बसें लगाई गई थीं। लगातार बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने चरणबद्ध तरीके से बसों की संख्या में इजाफा किया। वर्तमान में 11 बसें रोजाना पानीपत से दिल्ली के बीच कई चक्कर लगा रही हैं।
140 रुपये में मिल रहा प्रदूषण रहित सफर : रोडवेज की ओर से पानीपत से दिल्ली तक का किराया मात्र 140 रुपये निर्धारित किया गया है। इतने किफायती किराए में यात्रियों को पूरी तरह वातानुकूलित (एसी), आरामदायक सीटिंग और कम शोर वाला सफर मिल रहा है। साथ ही, ये ई-बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।