शारदीय नवरात्र 13 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे है। इस बार नवरात्र बहुत विशेष हैं, क्योंकि नवरात्र का बढ़ना और चित्रा नक्षत्र, वैधृति योग में शुरू होना बहुत शुभ माना जा रहा है।
इस बार दस दिन रहने वाले नवरात्रों में दश महाविद्या का आशीर्वाद और साधना करने का अवसर मिलेगा। इस बार नवरात्रों में मां भगवती का अश्व पर आगमन होगा और हाथी पर प्रस्थान।
गायत्री ज्योतिष अनुसंधान केंद्र के संचालक पं. रामराज कौशिक ने बताया की इस वर्ष शारदीय नवरात्रों की शुरुआत 13 अक्तूबर मंगलवार के दिन चित्रा नक्षत्र में होगी। 21अक्तूबर बुधवार को दुर्गा अष्टमी होगी।
देवी पूजा में इनका रखे ध्यान
कौशिक ने बताया की एक घर मे दुर्गा की तीन मूर्तियां न हों अर्थात देवी की तीन प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा पूजन न करें। देवी के स्थान पर वंशवाध, शहनाई का घोष नहीं करना चाहिए।
दुर्गा पूजन में दूर्वा अर्थात दूब का प्रयोग नहीं करना चाहिए। दुर्गा आह्वान के समय बिल्वपत्र, बिल्व शाखा, त्रिशूल, श्रीफल का प्रयोग करना चाहिए। पूजन में सुगंधहीन और विषैले फूल न चढ़ाएं। लाल फूल मां को प्रिय हैं। रात्रि में कलश स्थापना नहीं करनी चाहिए।
मां दुर्गा को लाल वस्त्र पहनाएं और उनका मुख उत्तर दिशा की तरफ कदापि न करें।
नवरात्र घटस्थापना मुहूर्त
कौशिक ने बताया की शारदीय नवरात्र इस बार दस दिन के होंगे। घटस्थापना वाले दिन चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग है। चित्रा नक्षत्र दूसरे दिन सुबह 4.37 बजे तक और वैधृति योग रात 11.16 बजे तक रहेगा।
रुद्रयामल तंत्र और मार्कंडेय पुराण के अनुसार जब चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग हो तब मध्याह्न के समय अभिजित मुहूर्त में घटस्थापना करनी चाहिए। 13 अक्टूबर को घटस्थापना के साथ नवरात्र शुरू होंगे। पूर्ण 22 अक्तूबर को होंगे। प्रतिपदा दो दिन रहेगी। नवमी और दशहरा एक ही दिन रहेगा।
घटस्थापना 06.26 से 10.14 सुबह
प्रतिपदा तिथि शुरू 13 अक्तूबर सुबह 5.35 बजे
प्रतिपदा तिथि समाप्ति 14 अक्तूबर सुबह 8.01 बजे
घटस्थापना के लिए अभिजीत मुहूर्त 11.50 से 12.38 बजे
नवरात्र कैलेंडर...
अंग्रेजी तिथि नवरात्र तिथि पूजा रंग
13 अक्तूबर पहला प्रतिपदा शैलपुत्री लाल
14 अक्तूबर दूसरा प्रतिपदा चंद्रदर्शन गहरा नीला
15 अक्तूबर तीसरा द्वितीय ब्रह्मचारिणी पीला
16 अक्तूबर चतुर्थ तृतीय चंद्रघंटा हरा
17 अक्तूबर पंचम चतुर्थी कुष्मांडा स्लेटी
18 अक्तूबर छठा पंचमी स्कंद नारंगी
19 अक्तूबर सातवां षष्ठी कात्यायनी सफेद
20 अक्तूबर आठवां सप्तमी कालरात्रि गुलाबी
21 अक्तूबर नवम अष्टमी महागौरी आसमानी
22 अक्टूबर दशम नवमी/दशमी सिद्धिदात्री भगवा