केयू के हॉस्टल में रह रहीं छात्राओं की समस्याओं को लेकर सोमवार को छात्राएं केयू गर्ल्स हॉस्टल की चीफ वार्डन से मिलने पहुंचीं, लेकिन उन्होंने छात्राओं से मिलने से मना कर दिया।
इसके बाद छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहीं इनसो की महिला विंग की अध्यक्ष मंजू जाखड़ भड़क गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि चीफ वार्डन का रवैया छात्राओं के प्रति सकारात्मक नहीं है।
जाखड़ ने कहा कि एक महिला अधिकारी होने के नाते वार्डन की जिम्मेदारी बनती है कि छात्राओं के साथ समय-समय पर बात करें और उनकी समस्याएं सुलझाएं। लेकिन, समस्याएं हल कराना तो दूर, वह छात्राओं से बात तक करने के लिए तैयार नहीं हैं।
मंजू ने बताया कि जब छात्राएं चीफ वार्डन से मिलने गईं, तो पहले आधा घंटा उन्हें बाहर इंतजार करने के लिए कहा गया। उसके बाद चपरासी के हाथों सूचना भेजी कि वह छात्राओं से नहीं मिल सकती।ं
छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि महिला चीफ वार्डन का छात्राओं के प्रति ऐसा ही रवैया रहा, तो वे मजबूर होकर आंदोलन करेंगी। छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल में नीरजा नांदल, गीता, प्रियंका गुलिया, रिंकू, ज्योति, रीना, प्रिया, एकता आदि छात्राएं शामिल रहीं।
इस बारे में चीफ वार्डन डॉ. सुषमा ने कहा कि दिनभर कई कार्य करने पड़ते हैं। एकदम मिलना इतना आसान नहीं होता। आखिरकार वह छात्राओं के लिए ही तो हैं। छात्राओं को यदि मिलना था तो उनसे टाइम लेकर आना चाहिए था। साथ ही उन्होंने कहा कि लड़कियों ने कोई लिखित शिकायत भी नहीं दी है।
बीएड रिजल्ट को लेकर रजिस्ट्रार से मिले इनसो कार्यकर्ता
छात्र संगठन इनसो का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को केयू के रजिस्ट्रार से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए इनसो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव जसविंदर खैरा ने रजिस्ट्रार के समक्ष समस्या रखीं।
उन्होंने बताया कि बीएड विद्यार्थियों को शिक्षक पद के लिए आवेदन करना है। लेकिन, यूनिवर्सिटी ने बीएड का रिजल्ट घोषित नहीं किया है। छात्रहित में बीएड का रिजल्ट समय रहते निकाला जाए।
इस पर केयू रजिस्ट्रार डॉ. प्रवीण सैनी ने इनसो प्रतिनिनिधंडल को आश्वासन दिया कि जल्द ही बीएड का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। इस दौरान इनसो प्रदेश प्रवक्ता योगेश, मंजू जाखड़, केयू संयोजक विक्रम चौधरी, रविंद्र तंवर, सुमित चौधरी, हर्ष शर्मा, अजय चौधरी आदि विद्यार्थी उपस्थित रहे।