पानीपत। आत्मनिर्भर भारत रथयात्रा शनिवार को औद्योगिक नगरी पानीपत पहुंची। जीटी रोड टोल प्लाजा, पालिका बाजार और समालखा में रथयात्रा का स्वागत किया। लोगों को आत्मनिर्भर होने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया।
आत्मनिर्भर भारत रथयात्रा का शनिवार को लाल बत्ती के निकट पालिका बाजार में स्वागत किया। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट और जिला उपाध्यक्ष एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के जिला संयोजक नवीन भटिया, मेयर कोमल सैनी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा ने लोगों को संबोधित किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा आत्मनिर्भर भारत एक ऐसा संकल्प है जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ले जा रहा है। यही हमारी असली ताकत है, इस ताकत को पहचानते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि यह रथयात्रा न केवल हमें एक साथ जोड़ती है, बल्कि हमें उनके संकल्प को साकार करने की प्रेरणा भी देती है। जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा प्रधानमंत्री ने विकसित भारत-2047 का विजन रखा है। यह एक राष्ट्रवादी विचार, एक जन आंदोलन और एक राष्ट्रीय जागरण है। हमारे पूर्वजों ने गुलामी की बेड़ियां तोड़ीं, अब हमारी बारी है कि हम आर्थिक गुलामी की जंजीरों को काटकर एक आत्मनिर्भर, सशक्त, समृद्ध भारत की नींव रखें।
जिला उपाध्यक्ष एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के जिला संयोजक नवीन भाटिया ने कहा व्यक्ति के लिए आत्मनिर्भर करना बहुत जरूरी है।आत्मनिर्भर भारत की शक्ति, छोटा कदम बड़ा बदलाव लाता है,आज लोकल खरीदो, कल भारत को विश्वगुरु बनाओ। आज हमें भारत देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाना है। उन्होंने युवा वर्ग का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा स्वदेशी उत्पादों के महत्व, आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत की उभरती प्रगति तथा राष्ट्रहित में सजग एवं जागरूक उपभोक्ता बनने के संदेश को अत्यंत प्रभावशाली और रचनात्मक रूप में मजबूत किया जा रहा है। इस मौके पर चेतन तनेजा, मेघराज गुप्ता, विजय सहगल, वेद पाराशर, अनीता चावला, नेहा शर्मा, भावना जैन, रोशन लाल माहला, मनीष जावा, योगेश पंडित, हिमांशु कटारिया, सचिन सिंगला, अमित पंडित, अशोक कटारिया, अमित नारंग, रॉकी गहलोत, कृष्ण छौक्कर व विशाल गोस्वामी मौजूद रहे।
आत्मनिर्भर भारत रथ यात्रा में संबोधित करते भाजपा नेता। संवाद