कुरुक्षेत्र। स्वदेशी संकल्प दौड़ को हरी झंडी दिखा रवाना करते जिला मंत्री अजय जांगड़ा। स्वयं
कुरुक्षेत्र। गीता कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति और स्वदेशी विचारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में दौड़ के जरिये स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया गया।
जिला प्रचार प्रमुख हरिकेश पपोसा ने बताया कि यह स्वदेशी अभियान 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती से प्रारंभ होकर 23 जनवरी, सुभाष चंद्र बोस जयंती तक चलेगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत की नींव है। जय स्वदेशी, जय-जय स्वदेशी, दूध-दही हो थाली में, पेप्सी-कोला हो नाली में और जब भी बाजार जाएंगे, स्वदेशी सामान लाएंगे जैसे नारों से छात्रों में जोश और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला मंत्री अजय जांगड़ा ने कहा कि देश को उन्नति के पथ पर ले जाने का सशक्त माध्यम स्वदेशी है। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था है और तीसरी बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। इसके लिए नागरिकों को दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना चाहिए। उन्होंने दंत मंजन, साबुन, शैंपू, जूते, वस्त्र, भोजन और हस्ताक्षर जैसी वस्तुओं में स्वदेशी विकल्पों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया और हिंदी में हस्ताक्षर करने पर जोर दिया। प्राचार्या सुमन बाला ने बताया कि कार्यक्रम का समापन स्वदेशी संकल्प दौड़ के साथ हुआ।