कुरुक्षेत्र। पिछले पांच दिनों से नौपता खूब तपा रहा है। दिन में ही नहीं रात को भी कोई खास राहत नहीं मिल पा रही है। 45 डिग्री तक तापमान हो जाने व दिन भर लू के चलते जन जीवन अस्त व्यस्त होने लगा है। हर कोई अब गर्मी से राहत पाने की उम्मीद में है। बुधवार को भी ऐसे ही हालात बने रहे। सुबह से ही तपिश शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। दोपहर के समय यह झुलसाने जैसी बनी रही, जिसके बाजार से रौनक भी गायब रही।
कड़ी धूप की तपिश और गर्म हवाओं के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर राहगीर कड़ी धूप व लू से बचाव का प्रयास करते दिखाई दिए तो वहीं सूखे हलक को तर करने के लिए अनेक जगहों पर विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की ओर से छबील भी लगाई गई।
दोपहर 12 बजे से चार बजे तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा तो दुकानदार भी लू से बचाव का प्रयास करते रहे। जहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा था तो वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसके चलते लोग गर्मी से पूरी तरह बेहाल रहे। उधर भीषण गर्मी के चलते लोग उल्टी, दस्त, डायरिया जैसी बीमारी की चपेट में आ रहे हैं, जिसके चलते अस्पतालों की ओपीडी बढ़ गई है।
सब्जियों पर ज्यादा असर पड़ने लगा : सीबी सिंह
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि झुलसाने वाली गर्मी पड़ने लगी है। इसका असर सब्जियों की फसल पर भी देखने को मिल रहा है। फसलें सूखने लगी है, जिसकी किसानों को भी चिंता सताने लगी है। उन्होंने किसानों को आह्वान किया कि वे ऐसे मौसम में सब्जियों की फसल का विशेष ख्याल रखें। कुछ पानी जरूर फसल में दिया जाए, ताकि फसल सूख न पाए।