इस्माईलाबाद। अनाज मंडी मार्केट कमेटी कार्यालय के सचिव अंकुर ठकराल।
इस्माईलाबाद। गेहूं व सरसों के सीजन के लिए विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसानाें को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। यह दावा मार्केट कमेटी के सचिव अंकुर ठकराल ने किया। वे यहां अनाज मंडी में स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष सरकार ने मंडी अनाज लेकर दाखिल होने के लिए गेट पास जारी करने के लिए नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों की शर्तों के अनुसार ही किसान अपनी फसल को मंडी में लेकर आएगा तभी उसका गेट पास जारी किया जाएगा। अनाज मंडी में किसान जिस ट्रैक्टर ट्रॉली में गेहूं लेकर आएगा, उस ट्रैक्टर के आगे नंबर प्लेट अवश्य लगी होनी चाहिए, ताकि वाहन की फोटो लेकर वेरीफाई करने में दिक्कत न हो।
अनाज मंडी में गेट पास जारी करने का समय सुबह छह बजे से रात्रि आठ बजे तक रहेगा। किसान सरकार की ओर से निर्धारित समय के अनुसार की अपनी गेहूं मंडी में लेकर आए। इसके अलावा मंडी में गेट पास जारी करने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन आवश्यक है। बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए किसान तीन लोगों को मनोनीत कर सकता है। इसके लिए किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपनी फसल का गेट पास जारी करने के लिए तीन लोगों को मनोनीत कर सकता है। सरकार की ओर से जारी किए नियमों के तहत की किसान अपनी फसल को लेकर मंडी में आएं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीदारी के लिए मंडी में सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।