कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) के तहत जिले के 2438 विद्यार्थी 29 नवंबर को परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जिले में नौ केंद्र बनाए गए हैं, जहां आठवीं कक्षा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले से मेरिट में चयनित होने वाले 128 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक तंगी के कारण उनकी शिक्षा बीच में छूटने से रोकना है। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक हर साल 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी। इस तरह चार साल में प्रत्येक विद्यार्थी को कुल 48 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। छात्रवृत्ति का लाभ जारी रखने के लिए विद्यार्थी का सरकारी स्कूल में पढ़ना अनिवार्य होगा। चयन के बाद निजी स्कूल में दाखिला लेने पर छात्रवृत्ति बंद हो जाएगी।