कुरुक्षेत्र। श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में मारकंडा नदी के तट पर अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पूरी एवं अन्य संतों के सान्निध्य में निरंतर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन एवं अभिषेक किया जा रहा है।
बुधवार को यजमान कुलविंदर सिंह सोही, हरजीत कौर, नवजोत सिंह, राम कुमार, नरेश वर्मा, उमा रानी इत्यादि ने पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर आस्था व भक्ति भाव से पूजन किया और ओम नमः शिवाय मंत्रोच्चारण के साथ दूध से अभिषेक किया। इसके उपरांत मारकंडा नदी में विसर्जन किया।
उन्होंने कहा कि पार्थिव शिवलिंग अभिषेक व पूजन तो देवताओं से लेकर दानव भी कर चुके हैं। भगवान श्री राम ने भी रावण पर विजय पाने से पहले समुद्र तट पर भगवान शिव का पार्थिव पूजन व अभिषेक किया था। मान्यता यह भी है कि नवग्रहों में से एक शनिदेव ने भी अपने पिता सूर्यदेव से ज्यादा शक्ति पाने के लिए काशी में पार्थिव शिवलिंग बनाकर विशेष पूजा की थी। उन्होंने बताया कि श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर में सावन का विशेष अनुष्ठान नियमित किया जा रहा है। हर दिन में अलग-अलग यजमान पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।