संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिछले 16 दिनों से शहर में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के कारण शहर में बहुत ज्यादा मच्छर हो गए हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग भी सकते में आ गया है। विभाग की टीम को शुक्रवार को 824 जगहों पर लार्वा मिला है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को रोजाना 200 से 250 स्थानों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिल रहा है। इतनी भारी संख्या में लार्वा मिलना लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। ऐसे में डेंगू कब अपना कहर बरपा दे कुछ कहा नहीं जा सकता। पिछली बार भी 10 कॉलोनियां हॉट स्पॉट बनी थीं। डेंगू के 242 मामले सामने आए थे। जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग की 135 टीमें हैं वहीं थानेसर शहर में 11 टीमें हैं। इनमें करीब 700 कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
भारी मात्रा में मिल रहा लार्वा : डॉ. प्रदीप : मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार का कहना है कि बरसाती सीजन के कारण लार्वा पनप रहा है। जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग जलभराव के स्थान पर पानी में दवा का छिड़काव करा रहा है। डेंगू व मलेरिया के लिए अभी स्थिति कंट्रोल में है।
डेंगू के अभी तक जिले में पांच मामले और मलेरिया के तीन मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को विभाग की टीम को 824 जगहों पर लार्वा मिला। जलभराव की जगहों पर टीमें दवा का छिड़काव करा रही हैं।