कुरुक्षेत्र। गहराते जा रहे विवाद के बीच हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की हाउस बैठक अब 10 फरवरी को होगी। इसमें शामिल होने के लिए सभी सदस्यों को पत्र भेजा गया है। पहले यह बैठक 7 फरवरी को किए जाने का फैसला लिया गया था और पत्र जारी किए जाने से पहले इसे रद्द कर दिया गया।
अब 10 फरवरी को मुख्यालय पर यह बैठक बुलाई गई है जिसकी पुष्टि कमेटी प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने भी की है। बैठक में वर्तमान हालात पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं माना जा रहा है कि दूसरे गुट को इस बैठक में बहुमत साबित करने का मौका दिया जा सकता है। दूसरे गुट की ओर से प्रधान झींडा पर आरोप लगाए जाते रहे हैं कि उनके पास बहुमत नहीं है। यही नहीं बजट बैठक में भी कोरम पूरा न होने के आरोप लगाए गए थे। बजट बैठक के बाद कमेटी का विवाद और गहरा गया था। दादूवाल व उनके समर्थकों ने इस बैठक से दूरी बनाकर रखी थी।