कुरुक्षेत्र। शिल्पकारों के लिए सजाई गई ब्रह्मसरोवर सदरियां व लगाए स्टॉल। संवाद
कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में महिला सशक्तीकरण का रंग चमकेगा। पवित्र ब्रह्मसरोवर परिसर में विभिन्न प्रदेशों के 80 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं स्टॉल लगाएंगी, जहां वे हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद, आचार, पापड़, बुनाई, सजावटी वस्तुएं और पारंपरिक खाद्य सामग्री प्रदर्शित करेंगी।
पिछले वर्ष इन समूहों को 100 स्टॉल आवंटित किए गए थे लेकिन इस बार कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) ने संख्या घटाकर 80 कर दी है। केडीबी अधिकारियों का कहना है कि दूरदराज के राज्यों के समूहों को हर साल बुलाया जाता था लेकिन वे नहीं पहुंच पाते थे या स्टॉल संचालित नहीं कर पाते थे। मेले में महिलाओं के हुनर को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय महिला उद्यमियों को ज्यादा अवसर मिल सकें। महिलाएं इस आयोजन के लिए बेहद उत्साहित हैं। वे पारंपरिक परिधानों में सजे अपने-अपने स्टॉलों पर न केवल उत्पाद बेचेंगी बल्कि आगंतुकों को स्थानीय संस्कृति और स्वाद से भी परिचित कराएंगी। कई महिलाएं अपने समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनी हैं और अब बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए उत्सुक हैं।
कुरुक्षेत्र। शिल्पकारों के लिए सजाई गई ब्रह्मसरोवर सदरियां व लगाए स्टॉल। संवाद