कुरुक्षेत्र। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच पेयजल आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था कर शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी पहुंचाया। विभाग ने कुरुक्षेत्र शहर को 60 हिस्सों में बांटकर आपूर्ति का प्रबंध किया। इनमें 32 कॉलोनियों में बिजली से, 16 में जनरेटर और 12 कॉलोनियों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया गया। वहीं, पिहोवा में भी जन स्वास्थ्य विभाग ने खुद जनरेटर लगाकर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था संभाली, ताकि लोगों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान लोगों को पेयजल की समस्या से बचाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी तालमेल से वैकल्पिक इंतजाम किए, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
इन क्षेत्रों में बिजली से पहुंचाया पानी
मस्तिा हाउस, चक्रवर्ती मोहल्ला, दर्रा खेड़ा, धोबी मोहल्ला, चक्रवर्ती मोहल्ला नंबर-2, झांसा रोड, शेख चेहली, प्रोफेसर कॉलोनी, शांति नगर, दीदार नगर धर्मशाला, दीदार नगर महेंद्र, सुदर्शन मोहल्ला, रविदास मोहल्ला, आंचला चौक, गर्ल्स स्कूल क्षेत्र, लक्ष्मण कॉलोनी, कल्याण नगर, अचार वाली गली, पोस्टिंग स्टेशन, श्याम कॉलोनी, जनता स्कूल, सुभाष चंद्र पार्क, शास्त्री मार्केट, मां भद्रकाली मंदिर, दुर्गा कॉलोनी और नरकतारी रोड सहित अन्य क्षेत्रों में बिजली के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की गई।
जनरेटर और टैंकरों से भी हुई आपूर्ति
डीसी कॉलोनी, मिनी लघु सचिवालय, हरि नगर, विष्णु कॉलोनी, गुरदेव नगर, संधू मंडी, शीला नगर, प्रेम नगर, विश्वास नगर, कृष्णा नगर गामड़ी-7बी, एकता विहार, कंग कॉलोनी, पटियाला बैंक कॉलोनी, शास्त्री नगर, पटेल नगर और न्यू कॉलोनी में जनरेटर के माध्यम से पानी पहुंचाया गया।
वहीं, कैलाश नगर, गोबिंदगढ़, आकाश नगर, ढिल्लों कॉलोनी, चनारथल कॉलोनी, ब्रह्मसरोवर क्षेत्र, मोहन नगर, विशिष्ट कॉलोनी, कामरेड कॉलोनी, ज्योति नगर, प्रताप कॉलोनी और बैंक कॉलोनी में टैंकरों से पेयजल उपलब्ध कराया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी परिस्थितियों में भी लोगों को जरूरी सुविधाएं मिलती रहें। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद