कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन के कारण शहर में पूरा दिन जाम की स्थिति रक्षा मंत्री के काफिले और सुरक्षा व्यवस्था के कारण शहर के कई हिस्सों में पांच से छह घंटे तक भारी जाम लगा रहा। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, दफ्तर जाने वालों और स्थानीय व्यापारियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहरवासियों में इसको लेकर नाराजगी भी दिखाई दी। लोगों ने कहा कि सरकार बार-बार वीआईपी कल्चर खत्म करने की बात करती है लेकिन जमीनी स्तर पर हालात उलट हैं। शहर वासी मुकेश कुमार ने कहा कि धर्मनगरी में आए दिन वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात बाधित हो जाता है।
गीता जयंती देखने पहुंचे पर्यटक भी जाम और रुकावटों की वजह से समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। पर्यटक राकेश कुमार, मोहित कुमार, सरोज देवी ने बताया कि धार्मिक नगरी की यात्रा का उत्साह लंबे जाम में फंसकर फीका पड़ गया। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने करीब पांच घंटे के लिए ब्रह्मसरोवर क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया था।