कुरुक्षेत्र। नगर प्रशासन द्वारा की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई। संवाद
- फोटो : घटना के बाद रोते बिलखते परिजन।
कुरुक्षेत्र। शहर के गांधी नगर में सोमवार दोपहर बाद नगर प्रशासन का बुलडोजर चला। नगर परिषद का अमला भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा और अतिक्रमण पर कार्रवाई की। हालांकि इस दौरान कोई विरोध नहीं हुआ लेकिन लोग टूटते निर्माण को देख सहमे रहे और सामान भी समेटते दिखाई दिए।
परिषद सचिव अरविंद कुमार के नेतृत्व में नगर प्रशासन का अमला कॉलोनी में पहुंचा। जहां गली नंबर दो व श्मशान वाली सड़क पर जेसीबी के जरिये अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग जमा हो गए, संबंधित लोगों के चेहरे पर बेबसी दिखाई दी।
सचिव का कहना था कि यहां लोगों की ओर से किए गए अतिक्रमण के चलते न गली व नालियों की समुचित सफाई हो पाती थी और न ही वाहनों का गुजरना सुरक्षित था। ऐसे में लोगों को खुद ही अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया लेकिन किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इस दौरान अधिकतर लोगों ने तोड़-फोड़ से पहले ही अपना सामान समेट लिया था और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण रही। उन्होंने इस दौरान लोगों को भी समझाया कि कहीं पर भी अतिक्रमण न किया जाए। ऐसा होने पर दूसरे लोगों को असुविधा होती है। इस अतिक्रमण के लिए भी नगर प्रशासन के पास लगातार शिकायतें आ रही थी जिसके चलते यह कदम उठाया गया है। इस दौरान कई महिलाओं ने भेदभावपूर्ण कार्रवाई किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे कई अवैध निर्माण छोड़ भी दिए लेकिन उनका सब कुछ तहस-नहस कर दिया।
कुरुक्षेत्र। नगर प्रशासन द्वारा की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई। संवाद- फोटो : घटना के बाद रोते बिलखते परिजन।