कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में कॉन्फ्लुएंस-26 के तहत स्टूडेंट क्लब फॉर सोशल एक्टिविटीज (एससीएसए) की शाखा ‘शिक्षा’ की ओर से बच्चों के लिए दो विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
30 अक्टूबर को ‘आर्ट फॉर अ कॉज’ चित्रकला प्रतियोगिता और 31 अक्टूबर व एक नवंबर को ‘मेक अ विश’ कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और मनचाही वस्तुएं पाने का अवसर मिला। चित्रकला प्रतियोगिता की थीम ‘ड्रीम एक्सप्रेस’ रखी गई थी। इसमें कक्षा पहली से चौथी, पांचवीं से आठवीं और नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को तीन वर्गों में बांटा गया। बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।
वहीं, ‘मेक अ विश’ कार्यक्रम के तहत 31 अक्टूबर को कक्षा पहली से छठी और एक नवंबर को कक्षा सातवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की इच्छाएं पूरी की गईं। बच्चों को स्कूल बैग, ज्योमेट्री बॉक्स, डायरी, रंगीन स्टेशनरी और किताबें उपहार में दी गईं।