कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। नेशनल हाईवे 152 डी पर दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर रोहतक के सराफ की कार लूटने के मामले में खुद कार चालक शामिल रहा। उसने ही योजना बनाकर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने 24 घंटे के दौरान ही चालक व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहतक के गांव शिमली निवासी संदीप, सूरज उर्फ सोनू व अशोक कुमार को अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने उन्हें 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। हालांकि पुलिस अभी खुलासा नहीं कर रही है कि कार में क्या सामान था। रोहतक के रहने वाले सागर शाह ने 24 दिसंबर को इस्माईलाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह जूलर है। 24 दिसंबर को उसका चालक व एक अन्य कर्मचारी कार लेकर शाहाबाद किसी काम से आए थे। काम खत्म होने के बाद वे दोनों 152डी से होते हुए वापस जा रहे थे। गांव तलहेडी के पास पहुंचे तो उनके पीछे से आ रही दो कारों में सवार युवकों ने उनको रोक लिया। पिस्तौल तान कर उसके साथ मारपीट की। कार में रखा कीमती सामान लूट लिया और उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। उन युवकों ने चालक से कार की चाबी छीनी और मौके से उसकी कार भी लेकर भाग गए। पुलिस को पहले ही कार चालक संदीप पर शक हुआ तो पूछताछ में उसने पूरी कहानी उगल दी।