चार दिन बाद गांव उदारसी के 20 वर्षीय युवक अमन का शव नरवाना ब्रांच नहर ज्योतिसर हेड से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। बेटे का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।
मालूम हो 17 जुलाई को अमन अपने चाचा गुरमेल और तीन अन्य दोस्तों के साथ नरवाना ब्रांच नहर में नहाने गया था। इसी दौरान अमन पानी के तेज बहाव में बह गया था। अमन के नहर में बहने के बाद से परिजन नहर पर पहरा लगाए बैठे थे। नहर में गोताखोर प्रगट सिंह की टीम अमन की खोज कर रही थी। मंगलवार को गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने शव को नहर से बाहर निकाला। अमन के मामा परमजीत ने बताया अमन 12वीं कक्षा पास करने के बाद से ही सेना में जाने का मन बना चुका था। इसके लिए वह तैयारी भी कर रहा था। उसने सेना में भर्ती होने के लिए परीक्षा भी दी थी। अमन के चाचा गुरमेल ने बताया कि अमन पहले भी नरवाना ब्रांच नहर में नहाने जाता था, उसे तैरना भी आता था, मगर 17 जुलाई को पता नहीं ऐसा क्या हुआ कि नहर में छलांग लगाने के बाद अमन ऊपर ही नहीं आया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह उसे नहीं बचा पाये।