शाहाबाद। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम व पुलिसकर्मी। संवाद
शाहाबाद। शाहाबाद-लाडवा मुख्य मार्ग पर स्थित गांव जंधेड़ी मोड़ के पास रविवार सुबह करीब 20 वर्षीय एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पड़ा मिला। पशु चराने खेतों की ओर जा रहे कुछ ग्रामीणों ने शव को सबसे पहले देखा और तुरंत इसकी जानकारी डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान यारी गांव के रहने वाले मनदीप के रूप में हुई है। मनदीप दो दिनों से घर से लापता था जिसकी गुमशुदगी के लिए परिवार चिंतित था।
मृतक के परिजनों के अनुसार मनदीप पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटा था। परिजनों की मानें तो उन्होंने रिश्तेदारी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन भी की थी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मनदीप अपनी दादी के पास रहता था और मनदीप के माता-पिता का निधन बहुत समय पहले हो चुका है।
लाडवा थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि शव की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिस्थितियों को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने आसपास से सबूत जुटाए। मृतक के पास से सिरिंज व कुछ अन्य वस्तुएं बरामद हुई हैं जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान के आधार पर भी नशा या अन्य संभावनाओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही आगे की कार्रवाई और जांच की दिशा तय करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी एंगल पर गंभीरता से काम कर रही है।
शाहाबाद। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम व पुलिसकर्मी। संवाद