कुरुक्षेत्र। सरस्वती फीडर नहर में 22 जुलाई को एक अज्ञात महिला का शव मिला था। उसकी पहचान पंजाब के जीरकपुर निवासी नीरजा बाली के रूप में हुई। 21 जुलाई को राजपुरा हेड से उनके पति राजीव बाली का शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नीरजा और राजीव बाली ने 21 जुलाई को राजपुरा हेड के पास नहर में छलांग लगाई थी। उन्होंने यह कदम आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण उठाया था।
जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि 22 जुलाई की देर रात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पहचान के लिए पुलिस ने फोटो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर प्रसारित की। इसके बाद जीरकपुर निवासी परिजनों ने नीरजा बाली की पहचान की। जांच में पता चला कि दंपती 21 जुलाई की शाम घर से बिना बताए निकले थे। अगले दिन राजपुरा हेड के पास उनकी कार लावारिस मिली थी। पुलिस ने मृतका के भाई विकास चड्ढा और भांजे सचिन मेहता के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने बताया कि राजीव बाली कारोबार में घाटे और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे। इसी तनाव के चलते दंपती ने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया और कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।