संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। कम्युनिटी हाॅल के नजदीक जलघर 17 के पास बुधवार सुबह एक कांवड़िये का शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक दुकानदार ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार व शहरी चौकी प्रभारी महेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
युवक की पहचान करीब 22 वर्षीय रजत निवासी मोहल्ला खत्तरवाड़ा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रजत कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था जो मंगलवार सायं को शाहाबाद पहुंचा। वह एक मंदिर में ठहरा हुआ था। वहां से जलघर तक कैसे पहुंचा उन्हें मालूम नहीं है। पुलिस द्वारा जानकारी जुटाए जाने पर पता चला कि मृतक मोटरसाइकिल से रात के समय मंदिर से निकला और इस जगह पर पहुंचा। पुलिस ने फाॅरेंसिक टीम को सूचित किया और डॉक्टर कुसुम रानी के नेतृत्व में फाॅरेंसिक टीम ने जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि रजत ने सेना में भर्ती होने की तैयारी की थी और खूब दौड़ लगाता था। करीब एक वर्ष पहले लव मैरिज हुई थी। युवक की मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।