कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के खेल मैदान में आयोजित की जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। बुधवार को कुवि के गैर शिक्षक कर्मचारियों के तीसरे अनौपचारिक टी-20 प्रतियोगिता के फाइनल मैच में कुवि स्टार ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए दूसरी बार प्रतियोगिता के चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
मैच में टॉस जीतकर कुवि स्पार्टन ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। कुवि स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 145 रन बनाए, जिसमें जोनी वत्स ने चार छक्के व एक चौके के साथ सर्वाधिक 40 रन बनाए। वहीं स्पार्टन टीम की ओर से रामेश्वर दास, अंशुल शर्मा, सुशील यादव व कप्तान हरीश गैरोला ने एक-एक विकेट लिया।
विज्ञापन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिछली बार की चैंपियन स्पार्टन टीम के ओपनर बल्लेबाज अंशुल शर्मा ने सात चौके व दो छक्के लगाकर सर्वाधिक 67 रन बनाए लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका ज्यादा साथ नहीं दे पाए और पूरी टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी।
मैच में शमशेर चौहान व कप्तान अरविंद्र शर्मा ने दो-दो विकेट तथा कपिल थापा व दीपक थापा ने एक-एक विकेट लिया। मैच में अंपायर की भूमिका अजय यादव व पवन शर्मा ने निभाई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यातिथि क्रिकेटर एवं कुवि के सहायक कुलसचिव विनोद वर्मा रहे। उन्होंने खेल गतिविधियों में सहयोग के लिए स्कूल के प्राचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह का आभार जताया और कहा कि खेल से न केवल मानव मन बल्कि उसका तन भी स्वस्थ रहता है। चैंपियन टीम के कप्तान अरविंद्र श्रीवास्तव व पूरी टीम को विजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उपकप्तान शमशेर चौहान को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए कुवि स्पार्टन टीम के अंशुल शर्मा को मैन ऑफ द सीरिज के साथ सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा कप्तान हरीश गैरोला को प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के लिए ट्रॉफी प्रदान की गई।