कुरुक्षेत्र। शहर के अमीन रोड पर मीट की दुकानों पर शुक्रवार को ढाई माह बाद फिर प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी की। इसके चलते प्रशासनिक अमला भी पहुंच गया लेकिन दुकानदारों ने अदालत में मामले का हवाला दिया तो अमले को बैरंग लौटना पड़ा।
ढाई माह पहले 14 जून को नगर प्रशासन ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए 10 दुकानों को सील कर दिया था। उसके बाद नप सीमा से बाहर गांव खेड़ी रामनगर सीमा में ये दुकानें खुलने लगी थीं। प्रशासन के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। ऐसे में पंचायत प्रशासन की ओर से शुक्रवार को कार्रवाई की तैयारी की गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार संजीव कुमार, पंचायत अधिकारी के अलावा सुभाष मंडी चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह अमले के साथ दुकानों के पास पहुंच गए और दुकानदारों को जनता की शिकायत पर इन दुकानों को बंद करने को कहा। इस दौरान अधिकारियों व दुकानदारों की कुछ बहस भी हुई तो दुकानदारों ने कहा कि इस मामले की न्यायालय में चार अगस्त को होने वाली सुनवाई के दौरान जो आदेश होंगे, उनका पालन किया जाएगा। ऐसे में प्रशासनिक अमले को वापस जाना पड़ा। वहीं दुकानदारों ने कहा कि यह राजनीतिक तौर पर कार्रवाई की जा रही है। शहर के दूसरे क्षेत्रों में दुकानें खुली हैं लेकिन बार-बार यहीं पर कार्रवाई की बात की जाती है। पूरे शहर से दुकानें बंद करने की बात करें ताे वे भी इसके लिए तैयार हैं।