कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-एक की टीम ने अवैध असलहा रखने के आरोप में बीबीपुर के निवासी संदीप कुमार उर्फ दीप को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए हैं।
शुक्रवार को टीम बस अड्डा के नजदीक गश्त पर थी। उसी समय टीम को गुप्त सूचना मिली कि उक्त आरोपी के पास अवैध असलहा है जो सेक्टर 10 की मार्केट में किसी का इंतजार कर रहा है। टीम ने मौके पर पहुंच कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद उक्त आरोपी को वहीं से काबू कर लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर टीम को उसके पास उक्त असलहा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना शहर थानेसर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गोली चलाने का आरोपी भेजा जेल
कुरुक्षेत्र। गोली चलाकर जानलेवा हमले करने के आरोप में सीआईए एक की टीम ने रतनडेरा गांव के निवासी राहुल उर्फ शंका को गिरफ्तार किया है। कौलापुर गांव के रहने वाले रविंद्र पाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शराब के ठेकों में दीपा लाडवा समालखा के साथ हिस्सेदार है। 21 दिसंबर 2023 को वह अपने दोस्त सुरेंद्र सिंह के साथ कार में सवार होकर ईशरगढ़ ठेके से कौलापुर गांव में जा रहे थे। उसी समय रात्रि सवा सात बजे जब वह साहिल खान के फार्म हाउस के पास पहुंचे तो उक्त आरोपी सहित सोनू नैन व साहिल, साहिल फातिरमन, अमन, विक्की जज, सुमित लाठर व अन्य पांच सात युवक खड़े थे। राहुल उर्फ शंका ने उन्हें मारने के लिए पिस्टल से एक राउंड फायर किया, जो चालक साइड की खिड़की में लगा था। उसने किसी प्रकार अपनी जान बचाई थी। इस मामले में जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।