कुरुक्षेत्र/ पिहोवा। थाना सदर की टीम ने रुपया दोगुना करने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिला के नौखला गांव के निवासी जतिंद्र सिंह उर्फ जस्सी को गिरफ्तार किया है। एक जून 2024 को पुलिस को दी शिकायत में गढ़ी सिंगा गांव के निवासी कुलदीप सिंह ने बताया था कि यूपी के गढ़ मुक्तेश्वर वासी सन्नी उसके पास बचपन से आता जाता है। फरवरी में सन्नी ने उसको फोन पर बताया कि उसके पास राहुल नाम के लड़के की कॉल आएगी, जिसको आपसे कुछ जरूरी काम है। 21 फरवरी को शाम के समय उसके पास राहुल की कॉल आई, जिसने उसको बताया कि वह रुपये दोगुने करने का काम करता है। राहुल ने उसको पिहोवा में मिलने के लिए बुलाया और राहुल के साथ फरियाद अली नाम का व्यक्ति भी था, जिन्होंने उसको 500, 200 व 100 के नोट देकर कहा की इनको चलाकर देखो।
उसने उन नोटों से अपनी गाड़ी में पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवा लिया। राहुल ने उससे कहा कि नोट दुगना करने वाला व्यक्ति नोटों की पूरी 20 लाख रुपयों की किट देता है। उसके लिए आपने छह लाख रुपये देने होंगे और हम आपको 12 लाख रुपये दे देंगे। उसने उन पर विश्वास करके तीन लाख रुपये राहुल को दे दिए। उन्होंने तीन लाख रुपये और मांगे जिस पर उसने समय मांगा। 26 फरवरी को राहुल ने उसे तीन लाख रुपये लेकर पिहोवा बुलाया जिस पर वह रुपये लेकर उनके पास पहुंचा, जहां पर राहुल और अली नाम के व्यक्ति ने उससे तीन लाख रुपये छीन लिए और मौके से भाग गए। उसके बाद उसको अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच की गई। वह मंगलवार को टीम ने आरोपियों को काबू कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।