कुरुक्षेत्र। न्यू फ्रेंड्स क्लब की ओर से नौवां गणपति महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा जिसकी तैयारियों के लिए क्लब के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कोषाध्यक्ष अंशुल गौड़ ने की। उन्होंने बताया कि 27 से 5 सितंबर तक आयोजित होने जा रहे 10 दिवसीय गणपति महोत्सव का शुभारंभ और समापन बहुत ही धूमधाम से किया जाएगा। रोजाना विशेष प्रसाद होगा और समापन वाले दिन विशाल भंडारा होगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम आरती के अलावा भजन-कीर्तन और सुंदर झांकियों का भी विशेष प्रबंध किया गया है।
गणेश चतुर्थी के दिन बप्पा की मूर्ति गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ कटरान गली (छोटा बाजार) स्थित मिश्रान चौक के मैदान में स्थापित की जाएगी और यहीं से अंतिम दिन विसर्जन के लिए ले जाई जाएगी। क्लब के सभी उत्साहित सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर के गणमान्य व्यक्तियों सहित सभी नगरवासियों को विशेष रूप से आमंत्रित भी किया है। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई। इस अवसर पर राजकुमार गौड़, किरण कुमार, राजकुमार शर्मा, अरुण गौड़, आरुष शर्मा, जगमीत राणा बंटी, रविंदर कुमार, रोहित वत्स, भानु गौतम, शुभम शर्मा, हरभजन सिंह, जसपाल सिंह जस्सा व अन्य कार्यकर्ता और सदस्य मौजूद रहे।