कुरुक्षेत्र। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) की परीक्षा के दौरान शनिवार को द्रोणाचार्य डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से शुरू हुई। सुबह नौ बजे शुरू होने वाली परीक्षा करीब 11 बजे शुरू हो सकी। इस दौरान अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
परीक्षा केंद्र पर सुबह आठ बजे ही प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी गई थी और अधिकांश अभ्यर्थी समय से पहले पहुंच चुके थे। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले तकनीकी समस्या आने के कारण पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो गई। परीक्षा में देरी होने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी रही, जबकि बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों ने भी नाराजगी जताई। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने अभिभावकों को तकनीकी समस्या की जानकारी देते हुए स्थिति स्पष्ट की और उनके लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी की। बाद में तकनीकी खामी दूर होने के बाद परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण ने बताया सुबह की शिफ्ट में 165 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि शाम की शिफ्ट में 173 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। शनिवार को अंग्रेजी, जियोफिजिक्स, जियोग्राफी और एनवायरनमेंटल साइंस विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। दोनों शिफ्टों को मिलाकर कुल 338 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
देशभर में करीब दो घंटे सर्वर ठप रहा : प्राचार्य
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण ने बताया कि सीयूईटी परीक्षा का संचालन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से अधिकृत एजेंसी एमएसटीसीएस द्वारा किया जाता है। सुबह की शिफ्ट में तकनीकी गड़बड़ी सामने आने से परीक्षा प्रभावित हुई थी। यह समस्या पूरे देश में थी जिसके चलते दो घंटे सर्वर ठप रहा। समाधान होने के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।