संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र में चल रहे वार्षिक तकनीकी महोत्सव टेकस्पर्धा-2025 के तीसरे दिन पूरे परिसर में नवाचार, प्रतिस्पर्धा और ऊर्जा का अद्भुत समावेश देखने को मिला। जैसे-जैसे आयोजन अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ा, विद्यार्थियों की तकनीकी क्षमता और सृजनात्मक सोच ने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया।
दिनभर संस्थान की विभिन्न तकनीकी समितियों द्वारा कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। टेक्नोबाइट समिति ने वेब खोज, सबसे खराब डिजाइन, ब्लैक बॉक्स और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। वेब खोज में विद्यार्थियों की तर्कशक्ति और इंटरनेट पर जानकारी ढूंढने की क्षमता की परीक्षा ली गई। सबसे खराब डिजाइन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को हास्य और रचनात्मकता के साथ जान-बूझकर सबसे अजीब उपयोगकर्ता रूप तैयार करना रहा।
ब्लैक बॉक्स में प्रतिभागियों को छिपे परिणामों से कठिन गणनात्मक समस्याओं के हल खोजने पड़े जिसने उनकी तकनीकी समझ की सच्ची परीक्षा ली। शतरंज प्रतियोगिता में रणनीति, धैर्य और दूरदर्शिता का सुंदर प्रदर्शन हुआ। उद्यमिता के क्षेत्र में प्रारंभ प्रकोष्ठ की ओर से उत्पाद निर्माण, विचार प्रस्तुति और निवेश मंच जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिनमें विद्यार्थियों ने अपने नये विचारों, नमूनों और योजनाओं को निर्णायकों के सामने प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों में युवाओं की रचनात्मकता और आत्मविश्वास झलक उठा।
अंतरिक्ष समिति ने विज्ञान और खगोल के शौकीनों के लिए प्रक्षेपण और तारामंडल खोज जैसे आयोजन किए। विद्यार्थियों ने स्वयं रॉकेट मॉडल तैयार किए और आकाशीय रहस्यों को समझने की कोशिश की। वहीं ईरेक समिति की विद्युत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने परिपथों और उपकरणों पर प्रयोग करते हुए नवाचार का परिचय दिया। ईएमआर समिति की यांत्रिक खेल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गये स्वचालित यंत्रों ने मैदान में जोरदार मुकाबले किए, जिन्हें देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। विशेष आकर्षण रहा प्रेरणा सत्र, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञों और वक्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नई सोच और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों के स्वयं संचालित स्टॉलों ने पूरे वातावरण में मेले जैसा उल्लास भर दिया। स्वादिष्ट पकवान, मनोरंजक खेल और रचनात्मक वस्तुएं सभी के आकर्षण का केंद्र बनीं।