सुबह घर से सैर करने गई मैथ टीचर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त सेक्टर-7 कुरुक्षेत्र निवासी 44 वर्षीय राजेश कौर पत्नी यशवंत सिंह के रूप में हुई है।
राजेश कौर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिपली में बतौर पीजीटी मैथ कार्यरत थी। 25 नवंबर 2020 को ही पूंडरी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से पिपली ट्रांसफर हुआ था। बताया गया कि राजेश कौर वीरवार सुबह अपने घर से सैर करने के लिए निकली थी। इसी दौरान सुबह करीब छह बजे कैलाश नगर के निकट रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की। जीआरपी के जांच अधिकारी कर्मचंद ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।