कुरुक्षेत्र। जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान के तहत सीएचसी बारना में टीबी जांच शिविर लगा। इसमें 90 मरीजों ने भाग लिया। जांच में किसी मरीज में टीबी के गंभीर लक्षण नहीं मिले। मरीजों को दवाएं व टीबी से बचाव की जानकारी मिली।
जिला क्षय रोग उप सिविल सर्जन संदीप अग्रवाल ने बताया कि जिले में सभी सीएचसी और पीएचसी पर नियमित शिविर लग रहे हैं। इसका उद्देश्य संभावित मरीजों की पहचान, उपचार और जागरूकता है। सीएचसी बारना की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी अंजू बाला ने मरीजों को संतुलित आहार और स्वास्थ्य सलाह दी। एसटीएस गौरव शर्मा ने टीबी के लक्षण, बचाव व निशुल्क इलाज का महत्व बताया। दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में पसीना आने पर तुरंत जांच कराएं। समय पर उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक होती है।