टैक्स चोरी करने वालों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विभाग को बड़ी सफलता मिली है। आबकारी एवं कराधान विभाग के अभियान के दौरान शहर की कई प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर छापेमारी की गई। इसके साथ ही टैक्स चुकाए बगैर ट्रकों में लाद कर ले जाए जा रहे सामान को भी पकड़ा गया।
विभाग की टीमों ने टैक्स चोरी करने वालों से कुल 61 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। इसमें 30लाख रुपये ट्रकों को रोक कर वसूला गया, जबकि 31 लाख रुपये इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर छापेमारी कर टीवी सेटअप बॉक्स पर की गई टैक्स चोरी के एवज में वसूले गए।
आबकारी कराधान आयुक्त डीएस माथुर ने बताया कि टैक्स चोरी के खिलाफ आबकारी एवं कराधान विभाग अभियान चला रहा है। इसके तहत प्रतिष्ठित संस्थानों पर विभाग छापे मार रहा है। अभियान के तहत सड़क पर वाहनों भी चेक किए जा रहे हैं। सड़क पर चेकिंग कर रही टीम ने 30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
जबकि, टीवी सेट टॉप बॉक्स के टैक्स की चोरी करने वाले दुकानदारों से 31 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान में विभाग ने कुछ वस्तुओं को विशेष रूप से चिह्नित किया है। इसमें मकान के टाइल्स, चावल, स्टील, प्लायवुड आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुल 61 लाख का जुर्माना चालू वित्तीय वर्ष यानी एक अप्रैल से अब तक वसूल किया हैं। इतने कम समय में यह अब तक की सबसे बड़ी टैक्स चोरी पकड़ी गई है।