संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला यातायात पुलिस ने सरकारी पॉलिटेक्निक उमरी में छात्रों को यातायात नियम बताए गए और साइबर अपराधों से बचने की जानकारी दी। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस बनाने संबंधी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
जिला यातायात कोऑर्डिनेटर रोशन लाल ने बताया कि देश में प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। अकेले पुलिस ही दुर्घटनाओं को कम नहीं कर सकती बल्कि हर नागरिक को जागरूक होना होगा।सड़क पर अधिकतर मौत लापरवाही के ही कारण होती हैं। वाहन चालक उचित रूप से यातायात निर्देश और नियमों का पालन नहीं करते हैं। आम तौर लोग ट्रैफिक सिग्नल तोड़ते हैं, नशे में गाड़ी चलाते हैं, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करते तथा अनियंत्रित गति से वाहनों को चलाते हैं। ड्राइविंग करते समय प्रत्येक व्यक्ति को निर्धारित निर्देश और नियमों का पालन करना चाहिए।
कहा कि अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी को न दें। एटीएम पिन को हमेशा बदलते रहें। ऐसा पिन न रखें, जिसका अनुमान आसानी से लगाया जा सके। किसी भी तरह के ऑफर के लालच में नहीं आएं। इन छोटी-छोटी बात को ध्यान में रखकर हम साइबर अपराध से बच सकते हैं। अगर फिर भी कोई साइबर अपराध का शिकार हो जाए तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर जानकारी दें। इसके अतिरिक्त साइबर क्राइम पोर्टल और नजदीकी थाने या पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस मौके पर प्रिंसिपल रचना गुप्ता, प्रो. विजय सिंह,डॉ. सुरेंद्र, कृष्ण सिंह, अर्चना शर्मा आदि मौजूद रहे।