संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले की बेटी तपस्या ने बुल्गारिया के सोमोकोव में आयोजित यूनाइटेड रेसलिंग अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जिले व देश का नाम विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कर दिया। महिला कुश्ती के 57 किलोग्राम भार वर्ग में तपस्या ने अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए मौजूदा विश्व विजेता और अब तक अजेय रही जापान की सोवाका उचिदा को चार-तीन के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में ऐतिहासिक उलटफेर किया। इसके बाद फाइनल मुकाबले में तपस्या ने लिथुआनिया की फेलिसिटास डोमाजेवा को शानदार पांच-दो के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल का संघर्ष रोमांचक और दिल थाम देने वाला था, जहां अंतिम पलों में तपस्या ने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और शानदार तकनीक के दम पर जीत सुनिश्चित की। फाइनल में भी उन्होंने अटूट आत्मविश्वास और सटीक दांव-पेंच दिखाते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और विश्व चैंपियन बनकर उभरीं।
तपस्या लाडवा के आईजीएन महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर महाविद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। प्राचार्य डॉ. कुशलपाल ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को मिठाई वितरित कर बधाई देते हुए कहा कि यह केवल तपस्या की जीत नहीं बल्कि पूरे भारत की जीत है। हमारी बेटी ने विश्व पटल पर कॉलेज का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिख दिया है।
महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान पवन गर्ग ने तपस्या, उनके माता-पिता, कोच, महाविद्यालय परिवार और समस्त लाडवा वासियों को इस ऐतिहासिक विजय पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।