संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। भारतीय डाक विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता में प्रदेश सर्कल के परिणामों की घोषणा कर दी गई है। इस प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम आयु वर्ग में विद्यालय की आठवीं कक्षा की छात्रा तनुष्का ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का मुख्य विषय अपने रोल मॉडल के नाम पत्र लिखना था। जहां अधिकतर बच्चे प्रसिद्ध हस्तियों के नाम पत्र लिखते हैं, वहीं तनुष्का ने सादगी और कृतज्ञता का परिचय देते हुए अपने विज्ञान अध्यापक दिनेश कुमार को अपना आदर्श मानते हुए उनके नाम पत्र लिखा। उनकी इसी मौलिक सोच और सुंदर लेखन शैली ने निर्णायकों का दिल जीत लिया। राज्य स्तर पर अव्वल आने पर तनुष्का को 25,000 रुपये का चेक आज मुख्य डाकघर कुरुक्षेत्र में देवराज, सुपरिटेंडेंट व असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट राजेश व ममता की ओर से प्रदान किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी कमल बत्रा ने इस अवसर पर छात्रा को व उसके अध्यापकों को बधाई दी। निस्संदेह यह उपलब्धि बेहद विशेष है। इसके साथ ही उनके द्वारा लिखे गए इस पत्र को अब डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा, जहां वे देश भर के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगी।
वे लगातार सुंदर लेखन की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखे हुए हैं। विद्यालय में सुंदर लेखन हेतु अध्यापकों की ओर से विशेष कक्षाएं आयोजित की जाती हैं। इस अवसर पर जिला विज्ञान विशेषज्ञ तरसेम कौशिक, पिहोवा के खंड शिक्षा अधिकारी रामभज, बिहोली की प्रधानाचार्य डॉ. सुदेश, प्रधानाचार्य सुनील कपूर, शीशपाल जांगड़ा, राजेश (हिंदी अध्यापक) भी उपस्थित रहे।