गांव जैनपुर जाटान में जाट समाज का धरना 19वें दिन भी जारी रहा। जैनपुर में चल रहे जिला स्तरीय धरने में जहां महिलाओं की संख्या भी रोज बढ़ रही है, वहीं जिला के अन्य इलाकों से भी समाज के लोग धरने पर जुट रहे हैं। 19वें दिन धरने की अध्यक्षता जाट आरक्षण संघर्ष समिति के युवा उपाध्यक्ष जस्सी बरोट ने की। बरोट ने कहा कि प्रदेश सरकार पर अपनी आदत की तरह वार्ता से पीछे हट रही है। जाट आंदोलन के दौरान जेल में बंद किए गए लोगों को क्यों नहीं छोड़ सकती। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या जेलों में बंद जाट समाज के लोग आतंकवादियों से ज्यादा गंभीर अपराधी हैं।
धरने को जाट समाज के साथ-साथ अन्य बिरादरियों का भी समर्थन मिल रहा है। वीरवार को सतलोक आश्रम की ओर से धरने का समर्थन किया गया। सतलोक आश्रम के पदाधिकारी पुरुषोत्तम सैनी एवं सुभाष सैनी जैनपुर धरनास्थल पहुंचे और जाट समाज को अपना समर्थन दिया। धरने पर बैठे लोगों को सतलोक आश्रम का संदेश देते हुए पुरुषोत्तम सैनी ने जातपात की राजनीति को भाईचारे के लिए नुकसानदायक बताते हुए कहा कि सभी जीव एक ही परमपिता की संतान हैं, इसलिए समाज में भेदभाव की बजाय समरसता एवं भाईचारे को बढ़ाना ज्यादा जरूरी है। वहीं वीरवार को धरने पर बलदेव राठी, आशीष फौजदार, रणदीप बन, जयपाल जंधेड़ा, बलवान कंडरोली, प्रेमनाथ नांदल, देवीचंद नांदल, रणबीर नांदल, शिवराम नांदल, ज्ञानचंद नांदल, बिट्टू नांदल, मनोज नांदल, बलवान, रामप्रशाद, जगीर सिंह चहल, निरंजन चहल, जगमाल पंजेटा, साहब सिंह, मिहां सिंह, फतेह सिंह,प्रेम सिंह, बलवान, भीम सिंह, जगमाल, रामकुमार, रणधीर, रिंकू, जिले सिंह, साहब सिंह, चंदा सिंह, गजे सिंह हलालपुर, अजैब, गुरविंद्र, दिलावर, बिक्की, रजत बन, सतपाल नंबरदार, भूपिंद्र सिंह, बडाछपुर सहित अन्य शामिल रहे।
कश्मीर में शहीद मेजर को दी श्रद्धांजलि
वीरवार को धरनास्थल पर कश्मीर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ करते हुए शहीद हुए मेजर सतीश दहिया को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि देने के दौरान धरनास्थल मेजर सतीश दहिया अमर रहे के नारों से गूंजता रहा। जाट नेता बलदेव राठी ने कहा कि मेजर सतीश दहिया के पिता भी कारगिल युद्ध में देश के लिए अपनी शहादत दे चुके हैं। कहा कि देश के लिए शहादत देने वाले बलिदानी परिवार को देश की ओर से शत-शत नमन है।
जाट समाज के धरने को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। धरनास्थल की ओर जाने वाली सड़क के दोनों तरफ पुलिस ने नाके लगा रखे हैं। शाहाबाद के डीएसपी जगदीश राय ने भी लाडवा पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और थाना प्रभारी निर्मल कुमार से फीडबैक ली। डीएसपी जगदीश राय ने पुलिस नाकों की जांच के साथ-साथ धरनास्थल का जायजा लिया।
बलिदान दिवस की तैयारी में जुटे जाट नेता
लाडवा में धरने की कमान संभाल रहे जाट नेता 19 फरवरी को धरनास्थल पर बलिदान दिवस मनाने की तैयारियों में जुट गए हैं। जाट नेता यशपाल मलिक के निर्देशानुसार 19 फरवरी को अधिक से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने के लिए संघर्ष समिति के स्थानीय पदाधिकारी पूरी भागदौड़ कर रहे हैं। एक ओर जहां धरना स्थल के आसपास के खेतों से गेहूं की फसल काटकर धरनास्थल का दायरा बढ़ाया गया है, वहीं गांवों से अधिक से अधिक जाट समाज को धरनास्थल पर लाने के लिए प्रचार वैन लोगों से संपर्क साध रही है।