दो महीने हो गए मगर झांसा रोड पर 210 मीटर कंकरीट की सड़क का एक हिस्सा अभी तक पूरी तरह से तैयार नहीं हुआ। हालांकि इसी सड़क की दूसरी लेन में 210 मीटर कंकरीट के दूसरे हिस्से का निर्माण अभी शुरू तक नहीं हुआ। बता दें कि देश-दुनिया से कुरुक्षेत्र पहुंचने वाले सैलानी और तीर्थ यात्री इसी सड़क से होकर हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्रीदेवीकूप भद्रकाली मंदिर, स्थाणु तीर्थ, कालेश्वर तीर्थ, हरियाणा ताज महल कहे जाने वाले शेख चेहली मकबरा, ऐतिहासिक हर्ष का टीला और हर्षवर्धन पार्क पर आते जाते हैं। सड़क निर्माण में हो रही लेट लतिफी का बड़ा कारण लोक निर्माण
विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग के बीच तालमेल ना होना बताया जा रहा है। इसका खामियाजा दो महीने से पर्यटक, तीर्थ यात्री और स्थानीय जनता झेल रही है। इसके अलावा झांसा, ठोल और लुखी सहित अनेक प्रमुख गांवों को जाने के लिए इसी सड़क से आवागमन होता है। पिछले दो माह से उक्त सड़क पर करीब 300 मीटर तक सड़क की
एक लेन से ही दोनों ओर के ट्रैफिक का आवागमन सिर्फ 7 मीटर की सड़क से हो रहा है। इसकी वजह से यहां दिन में कई बार जाम के हालात रहते हैं। इस सड़क पर कई धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों के अलावा सड़क के दोनों ओर काफी बड़ी मार्केट, पैट्रोल पंप, मैरिज पैलेस इत्यादि हैं। लोगों का कहना है कि इन हालात में सबसे बड़ा असर उनके के कारोबार पर पड़ रहा है। दुकानदारों ने बताया कि नोटबंदी के बाद से वैसे ही बाजार में कारोबार की स्थिति कमजोर है, ऊपर से दो महीने हो चुके हैं, मगर सड़क के छोटे से हिस्से का निर्माण पूरा नहीं हो रहा।
यह है दोनों विभागों के एक्सइएन की प्रतिक्रिया
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता एसपी सरोहा ने बताया कि झांसा रोड पर जनता स्कूल के निकट 2010 मीटर सड़क के हिस्से के निर्माण के लिए दिसंबर में काम शुरु किया गया था,जबकि जनवरी में यहां कंकरीट की लेयर डाली गई थी, उम्मीद है कि यह कार्य शिवरात्रि से पहले पूरा होगा। वहीं जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता अशोक खंडूजा ने बताया कि नरकातारी रोड से वशिष्ठ कालोनी तक सीवरेज पाइप लाइन डाली जाएगी।
इसलिए दो महीने पहले झांसा रोड पर सड़क निर्माण का कार्य रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग को कहा जा चुका है। खंडूजा के मुताबिक जिस जगह कंकरीट की लेयर डाली गई है, संभव है उस जगह का कुछ हिस्सा तोड़ना पड़े। हालांकि विभाग का पूरा प्रयास रहेगा कि सड़क पर जो नया हिस्सा कंकरीट का तैयार हुआ है, उसे तोड़े बिना ही काम किया जाए। उन्होंने बताया कि यहां सड़क पर करीब 18 फुट नीचे तक खुदाई होगी।
खस्ताहाल सड़क का असर पड़ रहा कारोबार पर: जागीर सिंह
दुकानदार जगीर सिंह ने कहा कि सड़क के खस्ताहाल स्थिति में होने से कारोबार पर असर पड़ रहा है। पिछले तीन-चार माह से झांसा रोड का अधिकांश हिस्सा दयनीय हालत में है। इसपर वाहनों का चलना भी किसी मुसीबत से कम नहीं है। कई बार तो वाहन चालक आगे चलकर रुकने की सोचते-सोचते पूरी मार्केट ही क्रॉस कर जाते हैं, जिसका सीधा प्रभाव दुकान की आमदन पर पड़ता है। ग्राहकों की संख्या में कमी आ रही है, पहले की अपेक्षा 300-400 रुपये प्रतिदिन सेल कम होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों को रोजगार चलाना भी बेहद मुश्किल हो गया है, इसलिए प्रशासन को सड़क जल्द से जल्द ठीक करानी चाहिए।
उखड़ी बजरी एक्सीडेंट का कारण: गुरदेव सिंह
हंसाला वासी राहगीर गुरदेव सिंह ने कहा कि यदि झांसा रोड पर भद्रकाली माता मंदिर से थोड़ा आगे होते हुए गांव भिवानी खेडा तक सड़क क्षतिग्रस्त हालत में है। इसपर यदि दुपहिया वाहन थोड़ी सी भी तेज गति में हो और कहीं अचानक ब्रेक मारने पर पड़ जाएं तो फिर एक्सीडेंट की नौबत आ जाती है। क्योंकि सड़क पर उखड़ी पड़ी बजरी में वाहन स्लिप कर जाता है और चोटिल होने की नौबत आन पड़ती है। वाहन चालकों की इस समस्या को देखते हुए सड़क को दुरुस्त कराने के लिए प्रशासन को मुस्तैदी दिखानी चाहिए।
सड़क से उड़ती धूल-मिट्टी पहुंचती है घरों तक : सुशील
झांसा रोड पर राजपूत कॉलोनी वासी सुशील कुमार ने कहा कि टूटी हुई सड़क और इसमें से निकलती धूल-मिट्टी बहुत अधिक मात्रा में उड़ती है। इससे न केवल वाहन चालकों को ड्राईविंग करने में परेशानी आती है, बल्कि आसपास लगती रिहायश को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सुबह से लेकर देर रात तक घरों में धूल-मिट्टी आती रहती है, जिस कारण गृहणियों को साफ-सफाई का कार्य भी कई-कई बार करना पड़ता है। यही नहीं राहगीर, दुकानदार तथा आसपास के बाशिंदों के लिए ऐसी स्थिति में सांस लेना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसे में सांस की बीमारी का डर भी लोगों को लगा रहता है। प्रशासन को चाहिए कि झांसा रोड को शीघ्रातिशीघ्र बेहतर सामग्री के साथ शानदार दिखाई देने वाला रोड बनाए जाए, क्योंकि प्रदेश का एकमात्र शक्तिपीठ भी इसी रोड पर है और दूर-दूर से श्रद्धालु इस रोड से होते हुए यहां मंदिर में मत्था टेकने आते हैं। इनमें मुख्यमंत्री से लेकर अन्य मंत्री, एमएलए तथा अधिकारी स्तर के श्रद्धालु शामिल हैं। एक विधायक तो अपने गांव भी इसी रोड से होकर गुजरते हैं।
वाहनों के नीचे से निकलकर पत्थर बनाते हैं लोगों को निशाना: गुरदीप
पेट्रोल पंप से पहले बनी मार्केट के मोटर साइकिल मैकेनिक गुरदीप सिंह ने कहा कि आमतौर पर भारी वाहनों के टायर तले से निकलकर पत्थर अचानक किसी को भी निशाना बना लेता है। ऐसा होने से कई व्यक्ति चोटिल भी हो चुके हैं। अभी दो दिन पहले ही साइड में चल रहे एक पैदल राहगीर को इसी प्रकार एक पत्थर का टुकड़ा बड़ी तेजी से आंख से थोड़ा ऊपर लगा और टुकड़ा लगते ही वह व्यक्ति चकरा गया। उन्होंने तथा अन्य दुकानदारों ने तुरंत उसे संभाला। यह एक दिन की बात नहीं बल्कि किसी न किसी दुकान के आगे यही हाल रहता है। बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग सभी यहां से गुजरते हैं, ऐसे में प्रशासन को इसपर जल्द ठीक करने का कार्य शुरू कराना चाहिए।
अधर में लटके सड़क निर्माण कार्य का विधायक को देखना चाहिए मौका : डेयरी संचालक
झांसा रोड पर एक निजी पैलेस और पेट्रोल पंप के साथ लगती मार्केट से डेयरी संचालक रिंकू ने बताया कि मॉडल टाउन कॉलोनी से लेकर पैलेस तक एक साइड का टुकड़ा बनाकर छोड़ दिया है। यह टुकड़ा पिछले दस-बारह दिन से यहीं रुका पड़ा है, इससे आगे नहीं बढ़ पाया। प्रशासन को चाहिए था कि इसे अधर में लटकाने की बजाय लगातार निर्माण जारी रखते।
अब ये उनकी दुकान तक आकर रुकी पड़ी है। जो नई सड़क बन रही है, उसकी मोटाई काफी ज्यादा है और बड़ी समस्या ये है कि अंजाने में कोई वाहन चालक अचानक इसमें वाहन दे मारता है। इस कारण वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ चालक भी चोटिल हो जाते हैं। वाहन चालक इस निर्माणाधीन टुकड़े तक न पहुंच सकें, इसके लिए प्रशासन को इस टुकड़े से काफी आगे तक वाहनों की रोकथाम करने के बंदोस्त करने चाहिए। थानेसर विधायक को चाहिए कि एक बार यहां का दौरा भी अवश्य करें।
साढ़े आठ करोड़ है सड़क का बजट : सरोहा
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन एसपी सरोहा पुराना बस अड्डा रेलवे फाटक से लेकर दो किलोमीटर झांसा रोड सरस्वती पुल तक तीन इंच की कंकरीट लेयर डाली जाएगी। सड़क का बजट साढ़े आठ करोड़ का है। सरस्वती पुल भी फोर लेन होगा। पुल से आगे बिशनगढ़ चौक तक 33 फुट तक चौढ़ाई बढ़ाई जाएगी। बताया गया है कि मौजूदा सड़क की चौड़ाई 7 मीटर है,जिसे अब 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा।