भाजपा के मनोनीत पार्षद और एडवोकेट कमल शर्मा के यहां काम करने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपने सुसाइड नोट में उसने वकील के अलावा तीन अन्य लोगों को पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शाहाबाद की अटारी कॉलोनी निवासी रमन (28) ने वीरवार रात पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। रमन एडवोकेट कमल शर्मा के यहां काम करता था। पुलिस ने मौके से एक लिखित सुसाइड नोट और वीडियो भी बरामद किया है । अपने सुसाइड नोट में रमन ने लिखा है कि वह पिछले लगभग डेढ़ साल से कमल शर्मा के यहां काम करता था। पिछले कुछ दिनों से कमल शर्मा द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस वजह से वह तनाव में था और इसी कारण वह अपनी जान दे रहा है। रमन का शव पंखे से लटका देख उसकी पत्नी सिमरन ने रोना धोना शुरू किया। जिसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना मिली। रमन के परिवार में पत्नी के अलावा पांच का बेटा और दो साल की बेटी भी है।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। रमन के पिता ओमप्रकाश राजमिस्त्री हैं,जबकि छोटा भाई प्रिंस पढ़ाई कर रहा है। इधर थाना शाहाबाद पुलिस ने मृतक के भाई प्रिंस की शिकायत पर एडवोकेट कमल शर्मा, उनके चाचा सुरेश भारद्वाज तथा चचेरे भाई सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना शाहाबाद के प्रभारी के मुताबिक उक्त तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।