इस्माईलाबाद। गेहूं का सीजन समाप्त होते ही सूरजमुखी की आवक अनाज मंडी में शुरू हो चुकी है लेकिन सरकारी खरीद शुरू न होने से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान राम कुमार, प्रदीप, राजेश, विष्णु आदि ने बताया कि इस समय सूरजमुखी की फसल पक कर तैयार हो चुकी है। किसान अपनी फसल को मंडी में लेकर पहुंच भी रहे हैं लेकिन सरकारी खरीद शुरू न होने से किसानों की फसल नहीं बिक रही है। किसानों को अपनी फसल वापस घर लेकर आने को मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों ने सरकार से मांग रखी है कि जल्द से जल्द सूरजमुखी की फसल की सरकारी खरीद शुरू की जाए।
एक जून से सूरजमुखी की खरीद शुरू होने का अनुमान : सचिव
मार्केट कमेटी सचिव अंकुर ठकराल ने कहा कि एक जून से सूरजमुखी की खरीद शुरू होने का अनुमान है। अनाज मंडी में सूरजमुखी खरीद का सेंटर बनाया गया है और खरीद के लिए हैफेड एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सूरजमुखी का सरकारी समर्थन मूल्य 7721 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। सरकारी खरीद के आदेश आते ही खरीद का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।