कुरुक्षेत्र। कार्यक्रम में हिस्सा लेते प्रतिभागी। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग की ओर से बुधवार को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से दिव्यांगजन संवेदनशीलता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में दिव्यांगजनों के अधिकारों, आवश्यकताओं और उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।
विभागाध्यक्ष प्रो. प्रीति जैन ने समावेशी समाज निर्माण, कानूनी सशक्तीकरण और अवसरों की समानता को सामाजिक प्रगति का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को जागरूक एवं सहयोगी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज तभी प्रगतिशील बन सकता है जब वह अपने सबसे कमजोर वर्ग के साथ समान अवसर और आदर का व्यवहार करे। डॉ. पूजा ने दिव्यांग व्यक्तियों के सांविधानिक अधिकारों, सामाजिक चुनौतियों और समाज में उनकी गरिमामय सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। शोधार्थी सुमित ने भी दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण एवं न्याय तक उनकी समान पहुंच पर अपने विचार साझा किए। इस मौके पर समन्वयक डॉ. प्रियंका चौधरी, डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. अंजू बाला, डॉ. सुनील भारती, डॉ. उर्मिला सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।