कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पुरुष छात्रावास में सोमवार देर रात छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के लिए करीब एक घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन रात नौ बजे शुरू हुआ जिसमें करीब 150 छात्र शामिल हुए।
छात्रों की मुख्य मांगों में रिबेट को पहले की तरह पांच से आठ पुनः लागू करना, पावर बैकअप की व्यवस्था करना ताकि बिजली जाने की स्थिति में पढ़ाई प्रभावित न हो, खाने की गुणवत्ता में सुधार, स्वच्छ वॉशरूम और नियमित रूप से वॉर्डन की ओर से हॉस्टल विजिट शामिल रहीं।
छात्रों का कहना है कि पहले भी इन समस्याओं के लिए प्रशासन को अवगत कराया जा रहा था लेकिन समाधान नहीं हो सका। इसके चलते मजबूर होकर उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। छात्रों ने कहा कि सुविधाओं के अभाव में उनका रहन-सहन और अध्ययन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कुलसचिव वीरेंद्र पाल, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर एआर चौधरी, एस एच ओ दिनेश, चौकी इंचार्ज विनोद, मुख्य सुरक्षा अधिकारी और चीफ वॉर्डन मौके पर पहुंचे और छात्रों से संवाद किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं होती तो अगला कदम और कठोर हो सकता है।