कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के विद्यार्थियों ने 19वें दिन विश्वविद्यालय के कुलपति व कुलसचिव कार्यालय का घेराव किया। विद्यार्थियों ने उनके कार्यालय के बाहर चम्मच से थाली बजाकर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर रोष जताया।
इससे पहले विद्यार्थियों ने धरना स्थल से कॉलेज परिसर तक विवि प्रशासन के खिलाफ रोष मार्च निकाला। छात्र अपने हाथों में बैनर लिए नारेबाजी करते हुए कॉलेज परिसर से घूम कर धरनास्थल पर लौटे। विद्यार्थी पिछले 18 दिन से एमबीबीएस विद्यार्थियों के समान इंटर्नशिप भत्ता तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति बढ़ाने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं।
वहीं चौथे दिन कोमल, सैफ, रणधीर और दीपिका भूख हड़ताल पर रहे। विद्यार्थियों का कहना है कि अगर आयुष विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता तो वह लोग आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। उनकी सभी मांगे जायज हैं और विवि प्रशासन को उनकी मांगें माननी ही पड़ेगी।