शाहाबाद। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलसाना की टीम द्वारा शुक्रवार को रावा गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नेशनल डेंगू दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को डेंगू की रोकथाम, इसके लक्षण और बचाव के तरीकों की जानकारी देना रहा।
डॉ. सचिन सैनी ने कहा कि डेंगू एक जानलेवा बीमारी है, जो मच्छरों के काटने से फैलती है। डेंगू का वायरस एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो अधिकतर दिन के समय काटता है। विद्यार्थियों को बताया कि साफ-सफाई रखना, घर के आसपास पानी इकट्ठा न होने देना, कूलर व पानी की टंकियों को समय-समय पर साफ करना और मच्छरदानी का प्रयोग करना डेंगू से बचाव के प्रभावी उपाय हैं। इस अवसर पर गांव के झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को जिला मलेरिया अधिकारी की ओर से नि:शुल्क मच्छरदानियां भी वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों को सुरक्षित करना था, जो खुले और असुरक्षित स्थानों पर रहते हैं और मच्छरों के खतरे का सबसे अधिक सामना करते हैं। कार्यक्रम में हेल्थ कर्मी नितिन, आशा कर्मी निर्मला, रेशमा, किरण सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।